चार पहिया वाहन ने बाइक को रौंदा-युवक की मौत.

बांदा। पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा गांव में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। चार पहिया वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।पैलानी गांव निवासी राज (22) पुत्र शिवबरन अपने दो साथियों बाबूराम (25) पुत्र कामता प्रसाद और रामू (20) पुत्र कल्लू के साथ बाइक से पैलानी डेरा स्थित लकी ढाबा पर खाना खाने जा रहा था। ढाबे से कुछ दूरी पहले ही जसपुरा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने हादसा देखकर तुरंत डायल 112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस तीनों को जसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बाबूराम और रामू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक राज अपने परिवार में तीन बहनों और दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह बाहर रहकर मजदूरी करता था और हाल ही में गांव लौटा था। परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने बताया कि जसपुरा सरकारी अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर करने के बाद 108 एंबुलेंस के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा, जिससे घायलों को समय पर इलाज नहीं मिल सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चार पहिया वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts