चेहरे की चमक बढ़ाने के लिए लोग कई तरह के घरेलू नुस्खे आजमाते हैं। इन्हीं में चावल का पानी भी शामिल है, जिसे स्किन केयर में इस्तेमाल करने का चलन तेजी से बढ़ा है।आयुर्वेदिक डॉक्टर सलीम जैदी के मुताबिक, सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए तो राइस वाटर त्वचा को हाइड्रेट रखने और डलनेस कम करने में मदद कर सकता है।
डॉक्टर सलीम जैदी ने चावल के पानी को चेहरे पर लगाने के तरीके और इससे मिलने वाले संभावित फायदों के बारे में बताया है। उनके अनुसार, चावल के पानी में कोजिक एसिड, फेरुलिक एसिड और इनोसिटोल जैसे कंपाउंड पाए जाते हैं। ये त्वचा को नमी देने के साथ ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने और त्वचा की डलनेस कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा पिगमेंटेशन और उम्र बढ़ने के शुरुआती लक्षणों को कम करने में भी इनकी भूमिका बताई जाती है।
घर पर ऐसे तैयार करें राइस वाटर टोनर
राइस वाटर तैयार करने के लिए आधा कप चावल को करीब दो कप पानी में भिगोकर रखें। इसे बीच-बीच में हल्का चलाते रहें। करीब 30 से 40 मिनट बाद चावल को छान लें। बचे हुए पानी को कॉटन पैड की मदद से साफ चेहरे पर लगाया जा सकता है। डॉक्टर के मुताबिक इसे दिन में दो बार इस्तेमाल किया जा सकता है।कुछ लोग फर्मेंटेड राइस वाटर का भी इस्तेमाल करते हैं। इसके लिए चावल को पानी में 24 से 48 घंटे तक भिगोकर रखा जाता है। इसके बाद पानी छानकर इस्तेमाल किया जाता है।
डार्क स्पॉट्स के लिए चावल के आटे का मास्क भी इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इसे शहद और कुछ बूंद नींबू के रस के साथ मिलाकर चेहरे पर 15 से 20 मिनट लगाया जा सकता है। हालांकि, संवेदनशील त्वचा वाले लोग नींबू की जगह गुलाब जल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
किसी भी घरेलू नुस्खे को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट करना बेहतर है। संवेदनशील त्वचा या किसी स्किन समस्या की स्थिति में विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।















