बाँदा। चिल्ला थाना क्षेत्र में देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने दो हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया। सहुरपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।जसपुरा थाना क्षेत्र के गड़रिया गांव के मजरा पड़वनिया डेरा निवासी पुष्पेंद्र (16) पुत्र अर्जुन निषाद, लोकपाल पुत्र जयमुन और नरैनी गांव निवासी दशरथ (18) पुत्र रामभवन निषाद बाइक से रिश्तेदारी में जाने के लिए निकले थे। बाइक लोकपाल चला रहा था। शाम को जैसे ही वे सहुरपुर के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को रौंद दिया। हादसे में पुष्पेंद्र और दशरथ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लोकपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों गांवों में मातम छा गया। परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। जिन घरों से तीनों हंसते हुए निकले थे, वहां अब सिर्फ रोने की आवाजें गूंज रही हैं। 16 साल के पुष्पेंद्र और 18 साल के दशरथ की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। चिल्ला थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल लोकपाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। तेज रफ्तार ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक सड़कों पर रफ्तार का कहर मासूम जिंदगियां निगलता रहेगा।















