बांदा। तहसील पैलानी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने संयुक्त रूप से जनता की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सीएमओ डॉ. विजेंद्र सिंह, पीडी राजेश सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। समाधान दिवस में भूमि-राजस्व, पुलिस, खाद्य-रसद, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, जल निगम और बैंक से जुड़ी कुल 85 शिकायतें आईं। डीएम और एसपी ने 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया, जबकि शेष 79 शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर टाइम बाउंड और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।पुलिस से जुड़ी शिकायतों को एसपी पलाश बंसल ने स्वयं सुना। जमीन पर कब्जा, मारपीट और जांच में हीलाहवाली की शिकायतों पर एसपी ने मौके से ही थाना प्रभारियों को फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समाधान दिवस की हर पुलिस शिकायत की थानावार समीक्षा होगी और पीड़ित को निस्तारण की जानकारी भी दी जाएगी। शिकायतकर्ता विनय तिवारी ने गौरी कला गौशाला में गौवंश की अवैध बिक्री, शव निस्तारण में लापरवाही और कीचड़-पानी की शिकायत की। डीएम अमित आसेरी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण के लिए भेजा।निरीक्षण में गौशाला में 155 गोवंश मिले, चारा-पानी और साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। डीएम ने कहा कि सभी गौशालाओं में व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए और शिकायतों का संतुष्टिपरक निस्तारण हो। डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है, निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए।















