चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का अमेरिका दौरा बेहद खास रहा। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के रिश्तों को नई गरमाहट मिलेगी। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच हुई बाचीत के बाद भी कई मुद्दों पर असहमति बनी हुई है।हालांकि, शी जिनपिंग और ट्रंप के बीच व्हाइट हाउस में एक हल्का-फुल्का पल देखने को मिला। ट्रंप जब शी को व्हाइट हाउस के ‘राष्ट्रपति वॉक ऑफ फेम (Presidential Walk of Fame) में ले जा रहे थे, तब उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन की तस्वीर की जगह लगाए गए ऑटोपेन की ओर इशारा किया। इस पर शी जिनपिंग खुलकर हंस पड़े।
बाइडन की तस्वीर की जगह क्यों लगाया गया ऑटोपेन?
व्हाइट हाउस की इस डिस्प्ले में ट्रंप की दो तस्वीरों के बीच बाइडेन की पारंपरिक तस्वीर के स्थान पर एक ऑटोपेन से उनके नाम पर हस्ताक्षर करते हुए तस्वीर लगाई गई है। ट्रंप ने शी को इसे दिखाते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि यह ऑटोपेन है और फिर बाइडेन का जिक्र किया। इस दौरान शी हंसते नजर आए।ऑटोपेन एक ऐसी मशीन है जो किसी व्यक्ति के हस्ताक्षर की प्रतिकृति बना सकती है। ट्रंप लंबे समय से बाइडेन के कार्यकाल में इसके इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। हालांकि, बाइडेन के ऑटोपेन इस्तेमाल करने का मतलब यह साबित नहीं करता कि उन्होंने संबंधित दस्तावेजों को अधिकृत नहीं किया था।
खुद की हंसी नहीं रोक सके शी जिनपिंग
शी जिनपिंग आम तौर पर औपचारिक और संयमित सार्वजनिक व्यवहार के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में ट्रंप के मजाक पर उनका खुलकर हंसना कैमरों में कैद हुआ और यह पल तेजी से चर्चा में आ गया। यह मुलाकात केवल हल्के-फुल्के पलों तक सीमित नहीं थी। ट्रंप और शी के बीच उच्चस्तरीय बैठक में व्यापार, AI, ताइवान और ईरान समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।दोनों नेताओं की बातचीत के दौरान उनके बीच गर्मजोशी भरे इशारे भी देखने को मिले, हालांकि शी ने अपने बयानों में शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व और चीन की प्रमुख चिंताओं पर जोर दिया। व्हाइट हाउस दौरे के दौरान ट्रंप ने शी को नए हेलिपैड और मरीन वन भी दिखाए। दोनों नेताओं के बीच बातचीत और अनौपचारिक पलों के वीडियो व्हाइट हाउस की ओर से जारी किए गए।















