टायर-ट्यूब फैक्ट्री में विवाद के बाद जानलेवा हमला, लोहे की रॉड समेत दो गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-58 स्थित स्वास्तिक फैक्ट्री में टायर-ट्यूब बनाने के काम को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम लच्छेड़ा निवासी भूपेंद्र पुत्र कंवरपाल सिंह ने मंसूरपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ग्राम नरा निवासी दीपांशु पुत्र सुखपाल और लियांशु पुत्र सुखपाल ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में भूपेंद्र के सिर में गंभीर चोटें आईं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 299/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 115(2), 351(2) और 3(5) में मामला दर्ज किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मंसूरपुर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और दोनों नामजद आरोपियों की तलाश की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दीपांशु और लियांशु को स्वास्तिक फैक्ट्री के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही और गिरफ्तारी के दौरान घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की गई।

यह कार्रवाई मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और खतौली क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts