बाँदा। जनपद के थाना बदौसा क्षेत्र के एक गांव में स्थित एक निजी विद्यालय में 7 वर्षीय कक्षा 2 की छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिता ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।पीड़ित पिता ने प्रार्थना पत्र में बताया मेरी पुत्री उम्र करीब 07 वर्ष कक्षा 2 में पढ़ती है। 10 अक्टूबर को मैं अपनी पत्नी के साथ मैहर पैदल यात्रा पर गया था। मेरी लड़की अपनी दादी व बड़ी माँ के साथ घर पर थी। मेरी लड़की अपनी बड़ी माँ के माध्यम से हमें बार-बार फोन करने के लिये कह रही थी परन्तु सम्पर्क नहीं हो सका। जब मैं पत्नी के साथ घर वापस आया तो मेरी लड़की अपनी माँ को रोते हुए बतायी कि दोपहर में उसके टीचर ने उसे बहाने से अंदर ऑफिस में बुलाकर उसके साथ गंदा काम (बलात्कार) किया। उस समय हम पति-पत्नी मैहर देवी पैदल यात्रा में गये हुए थे।
जब हम लोग घर आये तो घटना की जानकारी हुई तब मैं अपनी बच्ची के साथ न्याय मांगने आया हूँ। इस पूरे मामले पर क्षेत्राधिकार नगर सौरभ सिंह ने वीडियो बाइट जारी कर कहा थाना बदौसा क्षेत्रांतर्गत एक स्कूल में अध्यापक द्वारा छोटी सी बच्ची के साथ गलत काम करने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही त्वरित रूप से कार्यवाही करते हुए थाना पुलिस ने उक्त बच्ची के बयान दर्ज किए हैं और साथ ही उसका समुचित मेडिकल परीक्षण कराया गया है। विद्यालय के समस्त स्टाफ के सभी के बयान अंकित कराए जा रहे हैं एवं न्यायालय के समक्ष बयान कराने के उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।पुलिस ने बच्ची के बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण करा दिया है। आरोपी शिक्षक के खिलाफ पास्को समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने किया जा रहा है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है और शांति व्यवस्था कायम है।















