जिलाधिकारी ने दिए निराश्रित गोवंश को गौशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश.

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय निराश्रित गोवंश संरक्षण अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले की गौशालाओं में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और उनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में शेष बचे सभी निराश्रित गोवंश को जल्द से जल्द गौशालाओं में संरक्षित कराया जाए। जिन गौशालाओं में निर्धारित क्षमता से कम गोवंश रखे गए हैं, उनमें अधिक गोवंश वाली गौशालाओं से पशुओं को स्थानांतरित कर क्षमता के अनुसार संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गौशालाओं में चारा, पानी, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार ने गौशालाओं में वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत अतिरिक्त मार्ग निर्माण, चरही और भंडार गृह सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों को कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिए। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि गौशालाओं से संबंधित सभी विभाग अपने-अपने शासनादेशों का विवरण उपलब्ध कराएं और उनके अनुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी करें।

सर्दी से गोवंश को बचाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी बीडीओ और ईओ को गौशालाओं में पर्दे लगाने के साथ हीटर और ब्लोअर की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित कुमार, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, नगर पालिकाओं के अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts