बांदा। बांदा जिला अस्पताल में देर शाम एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देख डॉक्टर से लेकर मरीज तक सन्न रह गए। एक 34 साल का युवक रामभज हाथ में प्लास्टिक के डिब्बे में बंद जिंदा सांप लेकर इमरजेंसी में घुस गया और बेड पर लेटकर चिल्लाने लगा इसी ने काटा है, देखो यही है वो। पीड़ित की पहचान रेलवे क्रॉसिंग बांदा निवासी के रूप में हुई है। युवक का कहना है कि करीब एक घंटे पहले उसे इसी सांप ने काट लिया था। काटने के बाद युवक ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया और डिब्बे में बंद कर अस्पताल ले आया। फ़ोटो में साफ दिख रहा है कि युवक पीले रंग की शर्ट में स्ट्रेचर पर लेटा है, उसके हाथ में लाल ढक्कन वाला पारदर्शी डिब्बा है और अंदर सांप फुफकार रहा है। वह बार-बार डिब्बे को उठाकर दिखा रहा है कि कौन सा सांप है। मामले पर ट्रामा सेंटर इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर प्रदीप गुप्ता ने बताया कि युवक नशे की हालत में जिंदा सांप लेकर अस्पताल आ गया था। हमने उसे समझाया कि अस्पताल में इस तरह जिंदा सांप लाना खतरनाक है। पहले उसे डिब्बे में बंद कराया गया, फिर उसका उपचार शुरू किया। सांप काटने के शुरुआती लक्षणों की जांच की जा रही है, फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। अगर जहरीला सांप हुआ तो एंटी वेनम लगाया जाएगा। डॉक्टर के समझाने के बाद स्टाफ ने राहत की सांस ली। युवक शाम खेत या घर के आसपास था तभी सांप ने उसे काट लिया। युवक ने वहीं सांप को पकड़ लिया। परिजनों ने बताया कि युवक उस समय नशे में था। फिलहाल युवक जिला अस्पताल में भर्ती है और डॉक्टरों की निगरानी में है। जिंदा सांप वाला मामला अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है।















