बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के आदेश पर आज जनपद बांदा के सभी थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जनता की शिकायतें सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया। मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस ने थाना चिल्ला पहुंचकर स्वयं जनता की फरियाद सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
जनपद के अन्य सभी थानों में भी थाना प्रभारियों व राजस्व टीम द्वारा जनसुनवाई की गई। जिले भर में थाना समाधान दिवस पर कुल 57 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 46 शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमों का गठन कर दिया गया है।















