औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर इंडियन ऑयल पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती और दो युवक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे कानपुर देहात के बरौर क्षेत्र निवासी मनीषा को उसके घर छोड़ने के लिए कुछ लोग दो बाइकों से जा रहे थे। इसी दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र में इंडियन ऑयल चौकी के पास तेज रफ्तार टैंकर ने बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को औरैया के 50 शैया अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने छाया (17) पुत्री बृजेश, निवासी शास्त्री नगर, बाबरपुर अजीतमल और मनीषा (15) पुत्री राजू, निवासी बरौर, कानपुर देहात को मृत घोषित कर दिया। वहीं वर्षा (20) पुत्री बृजेश, निवासी बाबरपुर अजीतमल की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। हादसे में दो युवक भी घायल हुए हैं।
बताया गया कि छाया और वर्षा अपने भाई रामू के साथ एक बाइक पर सवार थीं, जबकि दूसरी बाइक पर मनीषा अपने भाई अनिकेत के साथ जा रही थी। मनीषा के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ है। उसके भाई अनिकेत के पिता की दो साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। अब हादसे में मनीषा की मौत से परिवार में मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र तिवारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने दोनों युवतियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।














