जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण शुरू

मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या गणना का कार्य सुचारू, त्रुटिरहित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कैंप कार्यालय स्थित सभागार में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी अनिरूद्ध प्रताप सिंह ने की। जनगणना निदेशालय की ओर से नामित जनगणना प्रभारी गौरव गुंजन ने जिला स्तरीय अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों, चार्ज सहायकों और तकनीकी सहायकों को प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, अधिकारियों-कर्मचारियों के दायित्व, प्रपत्रों के सही संधारण और तकनीकी माध्यमों के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। प्रशिक्षणार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जनगणना कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता, गोपनीयता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण केंद्रों पर प्रोजेक्टर, स्मार्ट क्लास, माइक, जनरेटर या पावर बैकअप, पेयजल और शौचालय जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने भोजन और जलपान की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। पूर्व में प्रशिक्षित कार्मिकों को यथासंभव उसी गणना ब्लॉक में तैनात करने तथा गंभीर रूप से बीमार, दिव्यांग, गर्भवती महिलाओं और मार्च 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को ड्यूटी से मुक्त रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने चार्ज अधिकारियों से जनसंख्या के आधार पर पुनर्गठित जनगणना ब्लॉकों के लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की मैनपावर सूची समय से तैयार करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts