मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 को सफल बनाने के उद्देश्य से जिले में स्वयं-गणना अभियान के तहत न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं को जागरूक करते हुए इस राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान जिला न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम), अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे) सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं को स्वयं-गणना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार स्वयं अपनी गणना की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं और इसके माध्यम से जनगणना अभियान में योगदान दे सकते हैं। अधिकारियों एवं बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से अपील की गई कि वे स्वयं-गणना में भाग लेने के साथ ही अपने संपर्क में आने वाले अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने अभियान में सक्रिय सहभागिता करते हुए जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहयोग का संकल्प लिया। इस अवसर पर संदेश दिया गया कि जनगणना देश के विकास, नीतियों के निर्धारण और भविष्य की योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
इसके आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी नीतियों की रूपरेखा तैयार करती है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी बेहद आवश्यक है। सभी से स्वयं-गणना प्रक्रिया में शामिल होकर जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपना योगदान देने की अपील की गई।















