मुजफ्फरनगर। जनपद में आगामी जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम दूसरे दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी पारदर्शिता, शुद्धता और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जनपद में कुल 14 प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बीच फील्ड ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को विस्तार से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दूसरे दिन जिले के सभी निर्धारित केंद्रों पर जनगणना से संबंधित विभिन्न मानकों, नियमों और व्यावहारिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को बताया कि जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार और व्यक्ति से संबंधित जानकारी किस प्रकार एकत्रित करनी है तथा आंकड़ों को किस तरह सही और व्यवस्थित तरीके से दर्ज करना है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आगामी क्षेत्रीय कार्य के दौरान आंकड़ों के संग्रहण में किसी प्रकार की त्रुटि न होने देना और जनगणना की प्रक्रिया को शत-प्रतिशत सटीक बनाना है।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। जिला प्रशासन की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगे सभी प्रशिक्षकों और संबंधित कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की गई।
संबंधित नोडल अधिकारी एवं जिला प्रशासन ने प्रशिक्षण के दूसरे दिन के सफल समापन पर सभी को बधाई दी। साथ ही प्रशिक्षार्थियों से तीसरे और अंतिम दिन के प्रशिक्षण सत्र में पूरी गंभीरता एवं सक्रियता के साथ प्रतिभाग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभाएं, जिससे जनगणना का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप सफलतापूर्वक पूरा हो सके।















