‘छोटे सरकार’ के अरमानों पर तूफान ने फेरा पानी,

मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की 25 नवंबर को होने वाली शादी की तैयारियों में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने बड़ा खलल डाल दिया है. बाढ़ के नदावां स्थित उनके पैतृक गांव में शादी का आयोजन है. लगातार हुई बारिश के कारण कई एकड़ में फैले विशाल पंडालों के चारों तरफ कीचड़ फैल गया है, जिससे व्यवस्थाओं को संभालने में आयोजकों के पसीने छूट रहे हैं. तैयारियों का जायजा लेते हुए अनंत सिंह खुद बेहद मायूस नजर आए और उन्होंने स्वीकार किया कि कुदरत की इस मार ने उनकी महीनों की मेहनत पर असर डाला है.बारिश का सबसे बड़ा असर VVIP मेहमानों के स्वागत और उनके आगमन की योजना पर पड़ा है. अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि जमीन की मिट्टी बुरी तरह गीली होने और हेलीपैड पर पानी भर जाने के कारण अब समारोह स्थल पर हेलीकॉप्टर उतरने की संभावना पूरी तरह खत्म हो गई है.

हेलीकॉप्टर से नदावां नहीं पहुंच पाएंगे मेहमान

पहले इस शादी में 16 खास मेहमानों के हेलीकॉप्टर से पहुंचने का कार्यक्रम था, लेकिन अब सुरक्षा कारणों से यह प्लान रद्द होता नज़र आ रहा है. अब सभी VVIP और आमंत्रित अतिथियों को सड़क मार्ग से ही नदावां पहुंचना होगा, जिसके लिए रूट और पार्किंग की व्यवस्थाओं में अंतिम समय पर बड़े बदलाव किए जा रहे हैं.

Anant Singh Daughter Wedding (2)

घुड़दौड़ प्रतियोगिता पर भी संकट

शादी के मुख्य आकर्षणों में शामिल भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता पर भी अब संकट के बादल मंडराने लगे हैं. इस खास प्रतियोगिता के लिए देश-प्रदेश के कई नामी घोड़े पहले ही नदावां पहुंच चुके हैं और विजेता घुड़सवार को इनाम में चमचमाती ‘थार’ गाड़ी दी जानी है. हालांकि, बारिश की वजह से रेस ट्रैक की मिट्टी बेहद फिसलन भरी और गीली हो गई है, जिससे घोड़ों के दौड़ने में जोखिम बढ़ गया है.

Anant Singh Daughter Wedding (3)

अनंत सिंह का कहना है कि कल दोपहर से बारिश रुकी है, अगर अगले 24 घंटों में मौसम साफ रहता है और धूप निकलती है, तो मैदान को सुखाकर स्थिति को काफी हद तक संभाला जा सकता है.

गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से पटना, मुंगेर और पूर्णिया, भागलपुर समेत बिहार के कई जिलों में मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ गया है. सर्दी के बीच हो रही इस बेमौसम बारिश ने न केवल जनजीवन को अस्त-व्यस्त किया है, बल्कि मोकामा के इस सबसे बड़े आयोजन की रौनक को भी प्रभावित किया है. फिलहाल, अनंत सिंह का परिवार और आयोजन समिति के सैकड़ों कारीगर युद्धस्तर पर कीचड़ हटाने और पंडालों को दुरुस्त करने में जुटे हैं, ताकि 25 नवंबर से पहले सब कुछ सामान्य किया जा सके.

Anant Singh Daughter Wedding (1)

शाही समारोह में करीब चार लाख मेहमान शिरकत करेंगे

तमाम मौसमी चुनौतियों के बावजूद इस शादी की भव्यता पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है. अनुमान है कि इस शाही समारोह में करीब चार लाख मेहमान शिरकत करेंगे, जिनके स्वागत और खान-पान के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. इससे पहले तिलक समारोह में अनंत सिंह द्वारा अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लग्जरी कार ‘लैंड रोवर डिफेंडर’ उपहार में दिए जाने की खबर ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं. अब सबकी निगाहें आसमान पर टिकी हैं कि इंद्रदेव की मेहरबानी से यह शाही शादी बिना किसी और बाधा के संपन्न हो सके.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts