मुजफ्फरनगर। चरथावल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए ग्राम नरा और ग्राम हरसोली में लगभग 34 लाख रुपये की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़कों का लोकार्पण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने किया। दोनों गांवों में लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए विकास कार्यों के लिए आभार जताया।
राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने अपनी विधानमंडल विकास निधि से ग्राम नरा में 135 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क का निर्माण 15 लाख रुपये तथा ग्राम हरसोली में 235 मीटर लंबी सड़क का निर्माण 19 लाख रुपये की लागत से कराया है। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 34 लाख रुपये है।
लोकार्पण के बाद आयोजित सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि इंटरलॉकिंग सड़क बनने से आवागमन आसान होगा और बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी। इन सड़कों से किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है।
राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी है, जब उसका लाभ गांव और गरीब तक पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की नई कार्यसंस्कृति स्थापित हुई है, जिसमें अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा समेत बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं। चरथावल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को बेहतर मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और आगे भी कोई गांव विकास से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और आशीर्वाद ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी ताकत है।























































