पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 (VT-IZE) में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी सामने आई. विमान का लैंडिंग गियर (अंडरकैरेज) उड़ान के बाद अंदर नहीं जा सका और बाहर की स्थिति में ही रह गया. विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स सहित कुल 192 लोग सवार थे.तकनीकी खराबी की जानकारी मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित किया. इसके बाद पुणे एयरपोर्ट प्रशासन ने एटीसी, इंडिगो और संबंधित आपातकालीन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया. भारतीय वायुसेना (IAF) की ओर से फुल इमरजेंसी घोषित की गई. इसके साथ ही एयरपोर्ट पर सभी आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाएं तत्काल सक्रिय कर दी गईं. दमकल वाहन, एंबुलेंस और अन्य बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया.
विमान रनवे के ऊपर से लो पास किया
लैंडिंग से पहले विमान ने रनवे के ऊपर से लो पास किया, ताकि लैंडिंग गियर की स्थिति का दृश्य निरीक्षण किया जा सके. इसके बाद विमान ने सुबह 9 बजकर 4 मिनट पर पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की. लैंडिंग के बाद तीन दमकल वाहनों और दो एंबुलेंस की निगरानी में विमान को बे नंबर 7 तक ले जाया गया. विमान की स्थिति सामान्य और सुरक्षित होने की पुष्टि के बाद सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर एटीसी ने फुल इमरजेंसी वापस लेने की घोषणा की.
यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला
इसके बाद विमान से एयरोब्रिज जोड़ा गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. विमान में सवार सभी 192 यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं.इंडिगो की ओर से प्रभावित यात्रियों को गुवाहाटी पहुंचाने के लिए बेंगलुरु से एक वैकल्पिक विमान पुणे लाने की व्यवस्था की जा रही है. पुणे एयरपोर्ट प्रशासन, भारतीय वायुसेना, एटीसी, इंडिगो और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के चलते यह पूरी कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई.पूरे घटनाक्रम के दौरान यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई.















