जनगणना-2027 में सही जानकारी देकर विकास में भागीदार बनें: उमेश मिश्रा

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जनपदवासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी की कृपा से जनपद के प्रत्येक परिवार में सुख, समृद्धि और खुशहाली आए तथा मुजफ्फरनगर विकास और उन्नति के नए शिखरों को छुए। जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने का संदेश देता है। त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक होती हैं, जब समाज का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ा हो और सभी लोग मिल-जुलकर जनपद की तरक्की में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से आगामी जनगणना-2027 को लेकर विशेष अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक जनगणना के दौरान गणना कर्मियों को निर्भीक होकर पूरी और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या के आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश और जनपद के भविष्य की विकास योजनाओं का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर आगामी वर्षों में बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, सड़क, पेयजल और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सही जानकारी सरकार को वास्तविक जरूरतों को समझने और संसाधनों का उचित नियोजन करने में मदद करती है। इसलिए जनगणना में किसी भी प्रकार की जानकारी छिपाने या गलत विवरण देने से बचना चाहिए। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे गणना कर्मियों का सहयोग करें और पूछे गए सवालों का सही जवाब दें। उन्होंने कहा कि जनगणना में सक्रिय भागीदारी जनपद के सर्वांगीण विकास और बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान साबित होगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts