न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में तूफानी अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला दूसरे वनडे में नहीं चला. शनिवार को वेलिंगटन में खेले गए दूसरे वनडे मैच में कोहली सिर्फ 7 गेंदों पर 7 रन बनाकर आउट हो गए. उनकी पारी में एक चौका शामिल रहा. उन्हें तेज गेंदबाज जैकब डफी ने चौथे ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन भेज दिया. हालांकि, दूसरे वनडे में कोहली भले ही बल्ले से बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, लेकिन उन्होंने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करा लिया है. इस छोटी पारी के साथ कोहली ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है.
विराट कोहली ने तोड़ा रिकी पोंटिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड
38 वर्षीय विराट कोहली वनडे क्रिकेट के इतिहास में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक 38 वनडे मुकाबलों में 56.51 की औसत से 1978 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 7 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं. उन्होंने साल 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे मुकाबला खेला था. इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रिकी पोंटिंग के नाम था. पोटिंग ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 वनडे मैचों में 45.83 की औसत से 1971 रन बनाए थे, जिसमें 6 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं. कोहली ने ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में 74 रनों की शानदार पारी खेलकर पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी की थी. इसके बाद वेलिंगटन में उन्होंने अपना खाता खोलते ही पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया.
वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
- 1978 – विराट कोहली (भारत)
- 1971 – रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)
- 1750 – सचिन तेंदुलकर (भारत)
- 1568 – कुमार संगकारा (श्रीलंका)
- 1519 – सनथ जयसूर्या (श्रीलंका)
- 1449 – जैक्स कैलिस (साउथ अफ्रीका)
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 134 रन पर समेटा
दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और न्यूजीलैंड की टीम को महज 134 रनों पर समेट दिया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. न्यूजीलैंड ने महज 23 रन पर शुरुआती तीन विकेट गंवा दिए, जबकि 53 रन के स्कोर पर आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी. इसके बाद डेरिल मिचेल और मिचेल सैंटनर ने छठे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की.
लेकिन 112 रन के स्कोर पर मिचेल 55 रन बनाकर आउट हो गए. उनके पवेलियन लौटते ही न्यूजीलैंड की पारी फिर लड़खड़ा गई और टीम ने अगले 22 रनों के अंदर 4 विकेट गंवा दिए. भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 41 ओवर में महज 134 रनों पर समेट दिया. भारत की ओर से गुरनूर बरार ने सबसे ज्यदा 4 विकेट अपने नाम किए. उनके अलावा, आकिब नबी, अंशुल कंबोज और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट हासिल किए.















