मुजफ्फरनगर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) शाहपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
डॉ. राजीव कुमार ने बालिकाओं को बताया कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत बाल विवाह अपराध है। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा संचालित बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य वर्ष 2030 तक देश से बाल विवाह की प्रथा को पूरी तरह समाप्त करना है। उन्होंने बताया कि भारत में लड़कियों के विवाह की न्यूनतम कानूनी आयु 18 वर्ष तथा लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। निर्धारित आयु से पहले विवाह कराने, उसमें सहयोग करने या उसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। दोषियों को दो वर्ष तक का कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक जुर्माना हो सकता है।
उन्होंने छात्राओं को समझाया कि कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। साथ ही उनकी शिक्षा बाधित होती है और भविष्य में आगे बढ़ने के अवसर भी सीमित हो जाते हैं। कार्यक्रम में बालिकाओं ने बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने और समाज को जागरूक करने की शपथ लेते हुए नारा दिया कि हम सबका एक ही नारा, बाल विवाह मुक्त हो भारत हमारा।
डॉ. राजीव कुमार ने अपील की कि आसपास कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर सूचना दें और इस अभियान में सहयोग करें। कार्यक्रम में केजीबीवी शाहपुर की वार्डन एवं विद्यालय स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।















