कावड़ यात्रा के स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण, CMO डॉ. सुनील तेवतिया ने दिए सेवाभाव से ड्यूटी करने के निर्देश

मुजफ्फरनगर में कावड़ यात्रा 2025 के तहत स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने विभिन्न ब्लॉकों में स्थापित स्वास्थ्य शिविरों का निरीक्षण किया। उनके इस निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की सुचारू व्यवस्था, यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा और चिकित्सा कर्मियों की तैनाती व सक्रियता का आकलन करना था।निरीक्षण के दौरान डॉ. तेवतिया ने शाहपुर ब्लॉक के सांझक, हरसौली और नवीन मंडी स्थल सहित बघरा ब्लॉक के पिन्ना, काजीखेड़ा, तितावी, लालूखेड़ी, बायावाला चौक और बुढ़ाना ब्लॉक में तहसील परिसर, नगर पंचायत बुढ़ाना तथा खतौली मोड़ स्थित भसाना शिविरों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जानकारी ली और यात्रियों को समय पर समुचित चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए।डॉ. तेवतिया ने स्वास्थ्य शिविरों में ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु जनपद से होकर गुजरते हैं, ऐसे में यह हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है कि उन्हें बिना किसी रुकावट के उचित और समय पर चिकित्सकीय सहायता मिलती रहे। उन्होंने कहा कि इस कार्य को सिर्फ एक ड्यूटी न समझें, बल्कि इसे एक सेवा भाव और सामाजिक दायित्व के रूप में निभाएं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने शिविरों की स्वच्छता व्यवस्था, दवा वितरण, प्राथमिक उपचार, पेयजल सुविधा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक शिविर में एंबुलेंस की 24 घंटे उपलब्धता बनी रहे।कांवड़ यात्रा के दौरान शिविरों पर तैनात चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की तत्परता व समर्पण को सराहते हुए डॉ. तेवतिया ने कहा कि विभाग की छवि और जिम्मेदारी दोनों इन दिनों में और अधिक बढ़ जाती है, जिसे पूरी निष्ठा के साथ निभाया जाना चाहिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts