बाँदा।जनपद में रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर जिले भर में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।पुलिस ने छावनी डेरा इलाके में चल रही अवैध कच्ची शराब की भट्ठी का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।बमुखबिर से सूचना मिली थी कि कनवारा मजरे के छावनी डेरा में रामबली के घर में चोरी-छिपे कच्ची शराब बनाई जा रही है। कोतवाली नगर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी तो वहां तीन लोग शराब निकालते हुए मिले। पुलिस ने मौके से 12 लीटर तैयार कच्ची शराब के साथ शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले टीन, कनस्तर, पतीला, कुप्पी, पाइप और कीप आदि उपकरण बरामद किए। इसके अलावा लगभग 60 किलो लहन भी मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान रामबली पुत्र बद्री, रामभवन पुत्र रामशरण और रामजियावन पुत्र रामाधार, तीनों निवासी छावनी डेरा मजरा कनवारा के रूप में हुई है। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक बाँदा पलाश बंसल ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने छावनी डेरा में दबिश देकर 12 लीटर कच्ची शराब और 60 किलो लहन के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।























































