मुजफ्फरनगर। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मंत्री कपिल देव अग्रवाल बुधवार सुबह अपनी विधानसभा क्षेत्र के कंपनी गार्डन पहुंचे। उन्होंने मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों के साथ टहलते हुए संवाद किया और पार्क से जुड़ी समस्याओं, नागरिक सुविधाओं तथा विकास कार्यों को लेकर उनके सुझाव और शिकायतें सुनीं। इस दौरान नागरिकों ने पार्क में कई स्थानों पर गंदगी, साफ-सफाई की कमी और अव्यवस्थाओं की जानकारी दी। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर स्थिति का निरीक्षण कराया।
कपिल देव अग्रवाल ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी और स्वास्थ्य अधिकारी को कंपनी गार्डन की सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पार्क में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने के साथ व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा।
मंत्री ने कंपनी गार्डन में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका प्रत्यक्ष लाभ आमजन को दिखाई देना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल बैठकों और कार्यालयों तक सीमित नहीं है। जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना, वास्तविक स्थिति का जायजा लेना और अधिकारियों से तत्काल समाधान कराना ही जनसेवा का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और निर्धारित स्थान पर कूड़ा डालने की अपील की। मॉर्निंग वॉकर्स ने मौके पर पहुंचकर समस्याएं सुनने और अधिकारियों को तत्काल निर्देश देने के लिए मंत्री की सराहना की।























































