मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तहत 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने विकास भवन परिसर में मतदान पोलिंग पार्टियों की रवानगी की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मतदान कार्मिकों को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्य में लगे सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने कहा कि मतदान के लिए रवाना होने से पहले सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार चुनाव सामग्री का अच्छी तरह मिलान कर लें, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए बसों की पर्याप्त व्यवस्था, कर्मचारियों के आवागमन और उनके ठहरने से संबंधित सभी इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं।
इसके साथ ही मतदान सामग्री का वितरण व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, जिससे सभी पोलिंग पार्टियां निर्धारित समय पर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग की निर्धारित समय-सारिणी और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पोलिंग पार्टियों की रवानगी, वाहनों की उपलब्धता और मतदान कार्मिकों की उपस्थिति का स्वयं भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















