ई-रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत.

बाँदा। सुबह का वक्त था। परिवार को क्या पता था कि रोजी-रोटी कमाने निकला बेटा अब कभी लौटकर नहीं आएगा। सुबह बदौसा थाना क्षेत्र के महुराई गांव में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं।मृतक की पहचान महुराई निवासी अमरजीत पटेल (36) पुत्र हरि प्रसाद के रूप में हुई है। अमरजीत रोज की तरह अपना ई-रिक्शा लेकर बदौसा की ओर निकला था। सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और अमरजीत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

मौके पर जुटे ग्रामीणों ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी अतर्रा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। अमरजीत ही परिवार का इकलौता सहारा था। उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत से बच्चों की दुनिया उजड़ गई। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, बुजुर्ग माता-पिता बेसुध पड़े हैं। भाई रामसुहवन ने बताया कि हादसे की खबर सुनते ही परिवार अतर्रा भागा, लेकिन तब तक सब खत्म हो चुका था। जिस ई-रिक्शा से वह परिवार की गाड़ी खींच रहा था, उसी सफर ने उसकी जिंदगी छीन ली। गांव में मातम पसरा है। हादसे के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। बदौसा पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts