बाँदा।माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे और विधायक अब्बास अंसारी से जुड़े भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के मुकदमे में आज बाँदा कोर्ट में आरोप तय होना था, लेकिन एक बार फिर तारीख टल गई। कोर्ट परिसर के बाहर मीडिया से बात करते हुए अधिवक्ता ने बताया कि आज विधायक अब्बास अंसारी अपनी पत्नी के साथ कोर्ट आए थे। इस मामले में तीन अभियुक्त हैं। सह-अभियुक्त फराज खान की ओर से विमोचन प्रार्थना पत्र दिया गया और नियाज अंसारी की ओर से हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र दिया गया। वहीं तीसरा सह-अभियुक्त जगमोहन जो केंद्रीय कारागार आगरा में बंद है, उसे भी न्यायालय ने तलब किया था लेकिन वह किसी कारणवश पेश नहीं हो सका।
इसी वजह से आज आरोप बनने की कार्रवाई नहीं हो सकी। न्यायालय ने अब अगली तारीख 18 सितंबर 2026 नियत की है। इस दौरान विधायक अब्बास अंसारी ने कोर्ट में एक और एप्लीकेशन दी है। वकील के मुताबिक अब्बास ने कहा है कि मेरे कोर्ट आने-जाने में बहुत गंभीर खतरा है। मुझे सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। क्योंकि मेरे पिता मुख्तार अंसारी एक मुकदमे में वादी थे, जो उनकी मृत्यु के बाद उस मुकदमे की पैरवी मैं कर रहा हूं। उसमें मेरा आना-जाना रहता है, जिससे मेरी जान का खतरा है। न्यायालय आने-जाने में पेशी के दौरान मुझे कोई खतरा हो सकता है। जज साहब ने उनकी सुरक्षा वाली एप्लीकेशन को रख लिया है और बताया जा रहा है कि जल्द ही कोई आदेश पारित किया जा सकता है।























































