भारतीय जैन मिलन क्षेत्र संख्या 4 के अंतर्गत 15 अगस्त को मुजफ्फरनगर में शाखा जैन मिलन मेन द्वारा क्षेत्रीय युवा सम्मेलन, मेधावी छात्र-छात्रा अलंकरण समारोह और साधु-साध्वी व तीर्थ रक्षा सम्मेलन भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह आयोजन जैन मिलन विहार में आचार्य भारत भूषण महाराज, आर्यिका विक्रांत श्री माताजी और आर्यिका विध्वान्त श्री माताजी ससंघ के सानिध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री अतिवीर हर्षवर्धन जैन ने धर्म ध्वजारोहण कर किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अतिवीर कमल किशोर देशभूषण कंडारकर जैन समारोह गौरव के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए बच्चों को पढ़ाई और लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर प्रेरक संदेश दिए।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय संरक्षक अतिवीर राजेश जैन गर्ग डुप्लेक्स ने मेधावी बच्चों को शुभआशीर्वाद दिया। मिलन गौरव राष्ट्रीय अध्यक्ष अतिवीर सुरेश चंद जैन ऋतुराज ने जैन तीर्थों और साधु-साध्वी संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। राष्ट्रीय महामंत्री प्रशासन अतिवीर अजय जैन और राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अतिवीर मनोज जैन ने भी विद्यार्थियों और युवाओं को धर्म के प्रति प्रेरित करते हुए शिक्षा और संस्कारों पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में चित्र अनावरण वीर राजेश जैन अरोमा पेपर मिल वालों द्वारा किया गया। दीप प्रज्वलन वीर पंकज जैन गांधी टेंट वालों ने किया। पाद प्रक्षालन वीर राजकमल जैन परिवार द्वारा तथा शास्त्र भेंट वीर राजीव जैन मंसूरपुर और वीर संजय जैन आयकर अधिकारी सहित कई अन्य पदाधिकारियों ने किया।
आचार्य ने अपने आशीर्वाद में बच्चों को मोबाइल का सदुपयोग करने और जनगणना में अपने नाम के आगे ‘जैन’ लिखने पर विशेष जोर दिया। वहीं आर्यिका विक्रांत माताजी ने तीर्थ रक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
सम्मेलन में करीब 65 मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, शील्ड और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान लगभग 400 की संख्या में मिलन परिवार के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन क्षेत्रीय अध्यक्ष अरिंजय जैन और क्षेत्रीय मंत्री अभिषेक जैन ने किया।
सम्मेलन को सफल बनाने में उपाध्यक्ष वीर संजय जैन, वीर अजय जैन, वाई.के. जैन, विरेश जैन, सुनील जैन सहित प्रवीण जैन, बिजेंद्र जैन, अशोक जैन, अतुल जैन, सुखमाल जैन, नीलम जैन, संगीता जैन, साधना जैन, सुभाष चंद्र जैन, आशिष जैन, अरविंद जैन, विभोर जैन, संजीव जैन, हर्ष जैन और पराग जैन का सहयोग रहा। इस मौके पर भारतीय जैन मिलन के समस्त केंद्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी और सभी शाखाओं के अध्यक्ष व मंत्री भी उपस्थित रहे।















