मुजफ्फरनगर:हैदरपुर वेटलैंड में विश्व आर्द्र भूमि दिवस 2026 का आयोजन, कछुआ विमोचन व बर्ड गैलरी उद्घाटन के साथ दिया संरक्षण का संदेश

मुजफ्फरनगर जनपद के गंगा बैराज स्थित हैदरपुर वेटलैंड में जिला गंगा समिति के तत्वावधान में विश्व आर्द्र भूमि दिवस 2026 के अवसर पर एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत गंगा नदी में विभिन्न प्रजातियों के कछुओं के विमोचन से की गई, जिसे जलीय जैव विविधता संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया। इसके उपरांत डा. निर्वाल ने बर्ड गैलरी का उद्घाटन कर प्रवासी एवं देशी पक्षियों की दुर्लभ और आकर्षक फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा पक्षी प्रेमियों और बर्ड वाचरों के लिए निर्मित नेचर हट का निरीक्षण कर इसकी उपयोगिता की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण, आर्द्र भूमि के महत्व, जलीय जीव-जंतुओं तथा पक्षियों की रक्षा पर विशेष जोर दिया गया। डा. वीरपाल निर्वाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य और आर्द्र भूमि का संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है, क्योंकि जलीय जीव और परिंदे पृथ्वी के आभूषण हैं और इनके बिना पारिस्थितिकी संतुलन की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने बच्चों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और पर्यावरण मित्र गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा पर्यावरण विषय पर बनाई गई रंगोली, पेंटिंग और चार्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर मीरापुर विधायक मिथलेश पाल के प्रतिनिधि के रूप में उनकी पुत्री सुप्रिया पाल उपस्थित रहीं, जिन्होंने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में जिला वन अधिकारी अभिनव राज, जिला परियोजना अधिकारी हर्ष कुमार, जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी स्नेहिल, बर्ड वाचर आशीष लोया, रेंज अधिकारी अशोक शर्मा, रविकांत चौधरी, सुशील कुमार, भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रामकुमार शर्मा, मंडल अध्यक्ष अरुण पाल, जयकरण गुर्जर, अर्चना चौधरी, रूप सिंह प्रजापति सहित कई गणमान्य लोग और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से हैदरपुर वेटलैंड जैसे महत्वपूर्ण आर्द्र क्षेत्र के संरक्षण, गंगा की स्वच्छता और जैव विविधता को सुरक्षित रखने का सशक्त संदेश दिया गया, जिससे बच्चों और आमजन में प्रकृति के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना और अधिक मजबूत हुई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts