मुजफ्फरनगर के थाना बुढाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतर्राज्यीय वाहन चोरी और फर्जीवाड़े में लिप्त एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई मेरठ जोन व सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी बुढाना और थाना प्रभारी बुढाना के कुशल नेतृत्व में की गई।बुढाना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि जनपद में एक अंतर्राज्यीय गिरोह सक्रिय है, जो चोरी, फाइनेंस में फंसे और पुराने खत्म हो चुके वाहनों को सस्ते दामों में खरीदता है। इसके बाद गिरोह इन वाहनों पर फर्जी तरीके से इंजन और चेसिस नंबर बदलकर उन्हें कागजों में वैध दिखाते हुए महंगे दामों पर बेचने का काम करता है। सूचना में यह भी बताया गया था कि गिरोह के सदस्य ऐसा ही तैयार किया गया एक ट्रक लेकर मुजफ्फरनगर से दिल्ली की ओर जाने वाले हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना बुढाना पुलिस ने खतौली तिराहे पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ समय बाद एक ट्रक नंबर एचपी 97 ए 8577 मौके पर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टार्च की रोशनी से ट्रक को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने ट्रक को तेज गति से भगा दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया।आगे चलकर सड़क पर गन्ने से भरा एक अन्य ट्रक आ जाने के कारण आरोपी चालक को ट्रक रोकना पड़ा। इसी दौरान ट्रक में सवार चालक और एक अन्य व्यक्ति ट्रक को मौके पर छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आवश्यक बल प्रयोग कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी और निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये नकद, 4 ट्रक, 2 मोटरसाइकिल, 1 मोबाइल फोन, 8 फर्जी आधार कार्ड, 6 वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी) और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद ट्रकों में से कई के इंजन और चेसिस नंबर बदले गए थे और उन्हें फर्जी दस्तावेजों के सहारे बेचा जा रहा था।पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से विभिन्न राज्यों में सक्रिय था और वाहन चोरी व फर्जीवाड़े के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। इस संबंध में थाना बुढाना पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
















