महिला आयोग अध्यक्ष ने सुनीं 70 शिकायतें, प्राइवेट व सरकारी दफ्तरों में आंतरिक परिवाद समिति गठन के निर्देश

सहारनपुर, । राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के तहत मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया रहाटकर ने महिलाओं से जुड़ी 70 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें 45 प्रकरण पूर्व में दर्ज और 25 नए मामले थे, जो घरेलू हिंसा, दहेज हत्या, दहेज उत्पीड़न, साइबर क्राइम, राजस्व विवाद और बलात्कार से संबंधित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन और श्रीमती रहाटकर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए, जबकि एसएसपी ने जांच अधिकारियों को जल्द से जल्द आख्या आयोग को भेजने के आदेश दिए।

इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक हुई, जिसमें महिला कल्याण, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, स्वास्थ्य, पंचायती राज, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार और उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। श्रीमती रहाटकर ने सभी सरकारी और निजी कार्यालयों में आंतरिक परिवाद समिति के गठन, लोकल कंप्लेंट कमेटी को मजबूत करने और समिति के सदस्यों को नियमित प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।

उन्होंने शक्ति सदन का संचालन शुरू करने, वन स्टॉप सेंटर में रिक्त पदों को भरने, महिला हेल्पलाइन के जरिए काउंसलिंग की सुविधा देने और पंचायत स्तर पर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की। सुकन्या समृद्धि योजना में मुजफ्फरनगर के पिछड़ने पर जागरूकता अभियान तेज करने को कहा।

श्रीमती रहाटकर ने कहा, “परिवार को बचाना हमारी पहली प्राथमिकता है। पति-पत्नी के विवाद से बच्चों का भविष्य प्रभावित होता है, इसलिए शादी से पहले कम्यूनिकेशन सेंटर की व्यवस्था होनी चाहिए।”

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts