कांधला रोड पर जाहरवीर गोगाजी छडियान मेले की अनुमति को लेकर विवाद, अवैध वसूली के आरोप

मुजफ्फरनगर के बुढाना क्षेत्र में कांधला रोड स्थित पीर की मजार के पास आयोजित होने जा रहे जाहरवीर गोगाजी छडियान मेले को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मेला समिति ने उच्चाधिकारियों को गुमराह करके अवैध तरीके से अनुमति प्राप्त की है, जिसका उद्देश्य धार्मिक आयोजन की आड़ में अवैध वसूली और कमाई करना है। आरोप है कि समिति पहले भी हर साल नई जगह मेला आयोजित करके इसे कमाई का साधन बना चुकी है। बताया गया कि कुछ वर्ष पूर्व जिस स्थान पर यह मेला आयोजित किया गया था, वहां अवैध कमाई की शिकायतें सामने आने के बाद जमीन मालिक ने अगले वर्ष मेला लगाने की अनुमति देने से साफ इंकार कर दिया था।

 

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस बार जिस स्थान का चयन किया गया है, वह पहले से ही विवादों में रहा है। पीर की मजार को लेकर पूर्व में विवाद हुआ था और मजार तोड़ने के मामले में खेत मालिकों पर मुकदमा भी दर्ज हुआ था। उस समय हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया था और प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत किया था। लोगों का आरोप है कि ऐसे संवेदनशील स्थान पर मेले का आयोजन कर धार्मिक माहौल को खराब करने की नई परंपरा बनाई जा रही है, जो लोगों की धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ है।

 

आरोप है कि इस मेले के नाम पर पिछले वर्षों में भी समिति द्वारा टिकट व अन्य माध्यमों से अवैध वसूली की गई, जिससे लाखों रुपये की कमाई हुई। विरोध करने वालों का कहना है कि इस आयोजन का धार्मिक उद्देश्य कम और आर्थिक लाभ ज्यादा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कांधला रोड पर प्रस्तावित मेला आयोजन की अनुमति को तत्काल निरस्त किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार का तनाव या विवाद उत्पन्न न हो और क्षेत्र में शांति बनी रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts