मुजफ्फरनगर में गैस सिलेंडर संकट पर महिलाओं का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन.

मुजफ्फरनगर में घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार कमी और बढ़ती अव्यवस्था के खिलाफ समाजवादी महिला सभा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव के आह्वान पर आयोजित किया गया, जिसमें जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर के नेतृत्व में महिलाओं ने समाजवादी पार्टी कार्यालय से जिला मुख्यालय तक रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली और सिलेंडर की किल्लत को लेकर नाराजगी जताई। जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा, जिसे अपर जिलाधिकारी ने प्राप्त किया।

जिलाध्यक्ष पूजा अनिल अंबेडकर ने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी के कारण आम गृहणियों को घर चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था की विफलता के चलते सिलेंडर की सप्लाई में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार व्याप्त है। उनका कहना था कि कई स्थानों पर गैस सिलेंडर ब्लैक में ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा पर्याप्त आपूर्ति के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारों में खड़े होने के बावजूद अधिकांश लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने मांग की कि गैस सिलेंडर की सप्लाई व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई हो और जरूरतमंद लोगों को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान सपा नेत्री कोमल वाल्मीकि, सरीता, हिना खान, ओमवती शाकरा, बुशरा, गीता, शांति, कविता, ओमकली, संतोष, रोशनी, जनेश्वरी, विमला, आरती, ममता, सरोज और सीमा सहित कई महिला पदाधिकारी मौजूद रहीं, जिन्होंने एक स्वर में गैस संकट के समाधान की मांग उठाई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts