मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने अपने जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत आज अटल आवासीय विद्यालय, नगला बुजुर्ग का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचने पर छात्रों और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। निरीक्षण दौरान आयोग अध्यक्ष ने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षिक और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने सहायक श्रमायुक्त, प्रधानाचार्य और अध्यापक मंडल से छात्रों के पंजीकरण से संबंधित जानकारी प्राप्त की, जिसमें बताया गया कि वर्तमान में विद्यालय में 315 छात्र और 311 छात्राएं, कुल 626 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। सभी को शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है और भोजन भी निर्धारित मेनू के अनुसार उपलब्ध कराया जाता है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, शौचालय व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और छात्र-छात्राओं के रहने-सहने की स्थिति का बारीकी से मूल्यांकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्राओं एवं छात्रों की शिक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए, क्योंकि ये बच्चे समाज का भविष्य हैं। आयोग अध्यक्ष ने उपस्थित बच्चों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भोजन तथा दैनिक गतिविधियों के बारे में अभिमत भी लिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और व्यवहारिक शिक्षा भी दी जानी चाहिए, जिससे वे जीवन के हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सक्षम बन सकें।
शैक्षणिक पहलुओं के साथ-साथ उन्होंने भोजन व्यवस्था की भी जानकारी ली और निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को प्रतिदिन मेनू के अनुसार ही भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के हिस्से के रूप में उन्होंने विद्यालय प्रांगण में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और बच्चों के साथ बैडमिंटन खेलकर उन्हें प्रेरित किया। उनके इस सहज और प्रेरणादायी व्यवहार ने बच्चों में उत्साह का संचार किया और उन्हें सक्रिय एवं स्वस्थ जीवन के लिए प्रोत्साहित किया।
इस निरीक्षण के दौरान राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य सपना कश्यप भी उपस्थित रहीं। साथ ही इस मौके पर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉक्टर राजीव कुमार सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। आयोग अध्यक्ष के इस निरीक्षण ने विद्यालय प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया और बच्चों के हित में बेहतर कार्यप्रणाली लागू करने के लिए दिशा-निर्देश प्रदान किए।
















