दिल्ली: पीएम मोदी की मां पर अभद्र टिप्पणी से नाराज महिलाएं सड़क पर उतरीं,

प्रधानमंत्री,नरेंद्र मोदी की मां के प्रति कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा के दौरान की गई अभद्र टिप्पणी पर भाजपा ने बिहार से लेकर दिल्ली तक विरोध प्रदर्शन किया। बिहार में जहां दोपहर तक दुकानें बंद रख दुकानदारों ने अपना विरोध जताया, वहीं दिल्ली में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर पार्टी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।इन विरोध प्रदर्शनों की पूरी कमान पार्टी के महिला मोर्चा ने संभाला, जबकि पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं-कार्यकर्ताओं ने भी इसमें पूरी भागीदारी की।

दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में पार्टी के सभी 14 सांगठनिक जिलों में आज पार्टी ने विरोध प्रदर्शन आयोजित किया। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक आम जनता की भागीदारी रही। लोगों ने इस बात पर बहुत आक्रोश जाहिर किया कि सार्वजनिक जीवन में देश के ऊंचे पद पर बैठे लोगों के प्रति भी अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं।

पार्टी ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में एक बड़ा विरोध प्रदर्शन कर कांग्रेस के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर कर चुकी है। लेकिन विरोध की कमान आज पूरी तरह से महिला कार्यकर्ताओं के हाथों में रही। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह देश की हर एक मां-बहन के सम्मान का मामला है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

जनता देगी कांग्रेस को सजा: ऋचा पांडे मिश्रा
दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ऋचा पांडे मिश्रा ने अमर उजाला से कहा कि महिलाओं के प्रति कांग्रेस की ओछी मानसिकता बार-बार सामने आ जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामान्य महिलाओं का अपमान करते-करते अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के प्रति भी अभद्र टिप्पणी करने लगी है, इससे समझ आता है कि कांग्रेस लगातार नैतिक पतन की ओर जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला गलती से नहीं, बल्कि पूरी सोची-समझी साजिश के अंतर्गत किया गया।

महिलाओं की पूजा करने वाला देश: सारिका जैन
दिल्ली भाजपा की प्रदेश मंत्री सारिका जैन ने अमर उजाला से कहा कि यह सामान्य अपराध का मामला नहीं है। इससे यह संकेत जाता है कि यदि कांग्रेस देश के प्रधानमंत्री तक की मां का सम्मान करने के लिए तैयार नहीं है, वह उनका अपमान कर रही है तो वह देश की आम महिलाओं का वह क्या ख्याल रखेगी। उन्होंने कहा कि यह देश माताओं की पूजा करने वाला और उनके सम्मान के लिए जीने-मरने वालों का देश है। यहां किसी महिला का अपमान किसी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

जो अपनी महिलाओं का सम्मान नहीं करता, दूसरों की क्या करेगा: राधिका खेड़ा
पूर्व में कांग्रेस पार्टी में रह चुकीं राधिका खेड़ा ने अमर उजाला से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे जनसेवक की मां के प्रति अभद्र टिप्पणी करके कांग्रेस पार्टी ने यह दिखा दिया है कि उसकी नजर में महिलाओं की कीमत क्या है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए वे पार्टी के महत्त्वपूर्ण पद पर थीं, लेकिन उनके साथ बेहद अभद्र व्यवहार किया गया। उस समय उन्होंने इसकी शिकायत कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों से की थी, लेकिन उन आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

राधिका खेड़ा ने कहा कि, यह बताता है कि कांग्रेस में महिलाओं का सम्मान कितना बचा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी बुरी स्थिति के बाद भी अपनी गलती समझने के लिए तैयार नहीं है, लेकिन यह देश अब कांग्रेस की गलतियों को नजरअंदाज नहीं करेगा और पीएम की मां के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ उसको कड़ी सजा देगी।

सीता-सावित्री के देश में महिलाओं का अपमान स्वीकार नहीं: वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि इस देश में माता सीता और सावित्री को केवल महिलाएं ही नहीं, पूरा देश आदर्श के रूप में देखता है। नवरात्रों में महिला शक्ति की ही पूजा-अर्चना की जाती है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपनी इस संस्कृति का सम्मान नहीं करते और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए भी अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की माताएं-बहनें इस अभद्र टिप्पणी को कभी स्वीकार नहीं करेंगी और कांग्रेस को इसके किए की सजा देंगी।

कांग्रेस के विरोध में नारेबाजी, पुतले फूंके
भाजपा ने खजूरी खास चौक पर राहुल गांधी और कांग्रेस का पुतला दहन कर भी पीएम और उनकी मां के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी के खिलाफ आक्रोश जताया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता अरविंद त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस को यह टिप्पणी बहुत भारी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि इसके पहले भी सोनिया गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं के द्वारा पीएम और उनके परिवार के ऊपर अभद्र टिप्पणी की गई थी। इसके बाद कांग्रेस का लगातार पतन होता गया। लेकिन इसके बाद भी कांग्रेस नहीं सुधरी। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता कांग्रेस की इस टिप्पणी का उचित जवाब देगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts