मुजफ्फरनगर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, सशक्तिकरण और विश्वास का माहौल मजबूत करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। टीमों ने स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, कस्बों, सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक स्थलों के आसपास जाकर छात्राओं, महिलाओं और आम नागरिकों को जागरूक किया। इस दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन-102 और एंबुलेंस सेवा-108 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाली सहायता, जनसुनवाई पोर्टल और स्थानीय थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों की जानकारी भी साझा की गई। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा पंपलेट वितरित किए गए, जिनमें महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबर और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई थी। साथ ही छात्राओं और महिलाओं को किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अन्य अपराध की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर महिला केंद्रित सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना और महिला शक्ति केंद्र योजना सहित कई कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया, ताकि महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। जनपद में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूकता और अधिक मजबूत हो सके।















