बांदा जिले के नरैनी कोतवाली क्षेत्र में एक 26 वर्षीय महिला ने शोहदे की लगातार प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सास ने शव को फंदे से लटकते देखा और चीख-पुकार मच गई। परिजनों व ग्रामीणों ने शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के देवर ने बताया कि गांव का एक युवक कई दिनों से उसकी भाभी को परेशान कर रहा था। 10 मार्च को आरोपी ने जबरन उसे मोबाइल फोन दिया, जिसे उसने डर के कारण ले लिया, लेकिन बातचीत नहीं की। इस पर युवक उसे लगातार धमकाने लगा। इसी मानसिक दबाव के कारण महिला ने आत्महत्या कर ली।मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी अंबुजा त्रिवेदी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत किया जाएगा और हर पहलू की गहन जांच की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।















