बेंगलुरु में सुबह एक गंभीर रोडरेज की घटना सामने आई, जिसमें भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर के साथ सरेआम मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि यह फाइटर पायलट एक रूटीन राइड पर निकले थे, तभी कुछ बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और विवाद बढ़ने पर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने विंग कमांडर को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे वह खून से लथपथ हो गए। घायल अवस्था में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पूरी घटना की जानकारी साझा की, जो वायरल हो गई। पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एयरफोर्स और सिविल सोसायटी से जुड़े कई लोगों ने इस हमले की निंदा की है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही है।
कन्नड़ भाषा में गाली देते हुए की मारपीट
अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर साझा किए वीडियो में विंग कमांडर बोस ने बताया कि एक बाइक सवार ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू किया था और कन्नड़ भाषा में उन्हें गाली देते हुए ओवरटेक कर गाड़ी रोक ली थी. उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी पर डीआरडीओ का स्टीकर लगा हुआ है. इसे देखकर बदमाश आक्रामक हो गए और उन्हें भद्दी भद्दी गालियां देने लगे. यहां तक कि आरोपियों ने उनकी पत्नी के साथ भी बदसलूकी की.
भीड़ में से किसी ने भी नहीं किया बीच बचाव
उन्होंने बताया जब उन्होंने आरोपियों का विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके चेहरे पर और माथे पर चाबी से वार किया. इस दौरान मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई, हालांकि इस भीड़ में से किसी भी व्यक्ति ने बीच बचाव की कोशिश नहीं की. आखिर में बदमाश उनकी गाड़ी पर और उनके ऊपर पत्थर फेंकते हुए मौके से फरार हो गए. उधर, बेंगलुरु पुलिस ने बताया कि पायलट के वीडियो पर संज्ञान लेते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है.















