मुजफ्फरनगर के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र से घरेलू विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी को डीजे पर नाचने से रोकना एक युवक को भारी पड़ गया। नियाजीपुरा निवासी नदीम नामक युवक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार उसने करीब तीन वर्ष पूर्व सानिया नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच लगातार विवाद बना रहा। हालात इतने बिगड़ गए कि सानिया अपने मायके में रहने लगी, जबकि उनका तीन वर्षीय बच्चा भी फिलहाल मां के पास ही है। नदीम का कहना है कि बीती 25 मार्च की शाम वह अपनी पत्नी को वापस घर लाने के इरादे से ससुराल पहुंचा था। उसी दौरान वहां किसी कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था, जिसमें उसकी पत्नी डीजे पर नाच रही थी। यह देख उसने सानिया को सार्वजनिक रूप से नाचने से मना किया, जिस पर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि उसकी इस बात से ससुराल पक्ष के लोग भड़क गए और सोनू, जुबेर, जैद व सलीम समेत अन्य लोगों ने उस पर लाठी–डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह वह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला। घटना के तुरंत बाद नदीम ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और स्थानीय थाने में तहरीर भी दी, लेकिन उसका आरोप है कि अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। न्याय न मिलने से परेशान होकर वह एसएसपी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से गुहार लगाई। उसने न केवल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, बल्कि अपने मासूम बच्चे की अभिरक्षा दिलाने की भी अपील की है। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।















