सहारनपुर : शुक्रवार सुबह एक स्कूल संचालक की लापरवाही के चलते सरसीना में एक स्कूली बस के पिछले दोनों पहिए निकलने से बड़ा हादसा हो गया। चालक ने बड़ी सूझबूझ से बस को नियंत्रित कर लिया, जिससे बस पलटने से बच गई।घटना में किसी को भी चोट नहीं आई। बाद में दूसरी बस बुलाकर बच्चों को स्कूल भेजा गया। तल्हेड़ी बुजुर्ग स्थित आइडियल पब्लिक स्कूल की बस सुबह करीब पौने सात बजे पनियाली कासिमपुर से एक दर्जन से अधिक बच्चे लेकर सरसीना पहुंची थी, सरसीना से भी बस में बच्चे सवार हुए। जैसे ही बस सरसीना गांव के बीच पहुंची, तभी अचानक बस के दोनों पिछले पहिए निकालकर दूर जा गिरे और बस अनियंत्रित हो गई। बस चालक अंबोली निवासी अनिल ने बस को बामुश्किल नियंत्रित किया तथा बच्चों को दूसरी बस बुलाकर स्कूल भेजा।
ग्रामीण संजय त्यागी, अमित, बालेश्वर, प्रमोद आदि का कहना है कि स्कूल संचालक स्कूली बसों के रखरखाव पर ध्यान नहीं देते। अधिकतर बसें देहात क्षेत्र में खस्ता हालत में है। इसके बावजूद परिवहन विभाग इन्हें चलाने की परमिशन कैसे देता है। यदि यही हादसा बस के कुछ दूर चलने के बाद हाईवे पर होता तो शायद यह एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। स्कूल संचालक धन कमाने के चक्कर में बच्चों के जीवन से खिलवाड़ करने में लगे हैं। स्कूल प्रधानाचार्या बबली शर्मा का कहना है कि रात में बस पनियाली कासिमपुर में एक घेर में खड़ी होती है जहां रात के समय बस से छेड़छाड़ की गई जिस कारण घटना हुई।















