मुजफ्फरनगर में शुरू हुआ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा कांवड़ सेवा शिविर,

मुजफ्फरनगर में सावन मास की कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों की सेवा के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे विशाल और लंबे कांवड़ सेवा शिविर का भव्य शुभारंभ मंगलवार को हुआ। महाराष्ट्र के नासिक से पधारे अंतर्राष्ट्रीय संत महासभा के संरक्षक जगतगुरु माधवानंद सरस्वती के करकमलों द्वारा इस सेवा शिविर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया और राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष मनीष चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। धर्म और समाज के प्रति उनके सेवा कार्यों को देखते हुए मनीष चौधरी को अंतर्राष्ट्रीय संत महासभा की युवा विंग का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।यह सेवा शिविर अंतर्राष्ट्रीय संत महासभा, अखिल भारत हिंदू महासभा और हिंदू महासभा जनकल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में मेरठ रोड स्थित डीएम आवास के सामने आरंभ किया गया। कार्यक्रम में सभी अतिथियों को पगड़ी और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर 23 जुलाई तक लगातार संचालित रहेगा, जिसमें शिवभक्तों को 24 घंटे निःशुल्क नाश्ता, भोजन, आराम और प्राथमिक चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।माधवानंद सरस्वती ने शिविर में की जा रही व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा में सेवा करने का अवसर कठिनाइयों से प्राप्त होता है और यह सच्चे सौभाग्य का प्रतीक है। उन्होंने मनीष चौधरी को समाज और धर्म के प्रति समर्पण के लिए बधाई दी और कहा कि उनके पद का औपचारिक ऐलान नेपाल के शुकतीर्थ में आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा। इसके साथ ही आचार्य अजय प्रश्न को राष्ट्रीय महामंत्री का दायित्व सौंपा गया।मनीष चौधरी ने कहा कि उन्होंने 16 बार कांवड़ यात्रा की है और शिवभक्तों की कठिन यात्रा को निकट से अनुभव किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी निष्ठा के साथ धर्म और समाज की सेवा में समर्पित होकर निभाएंगे। शिविर की सेवा में साक्षी वर्मा, संदीप मित्तल और अमरीश त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। प्रफुल्ल मेहरा, अमित त्यागी, सुमित कसाना सहित अनेक सेवादार सेवाकार्य में योगदान दे रहे हैं। शुभारंभ कार्यक्रम में संत महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वैभव राज, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष भावेश पाटि, हिंदू महासभा के महामंत्री राजेश कौशल सहित सैकड़ों संत और भक्त उपस्थित रहे।

 

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts