मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने सोमवार को शहर के विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना, यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और सेवा कार्यों में जुटे स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश और जनपद की सुख-समृद्धि की कामना भी की। गौरव स्वरूप सबसे पहले बझेड़ी अंडरपास स्थित सिद्धपीठ महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन किया और महाआरती में भाग लिया। पूजा के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद शिवभक्त कांवड़ियों को प्रसाद वितरित करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। मंदिर समिति के प्रधान सुरेश पाल एवं अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मेरठ रोड स्थित अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा संचालित कांवड़ सेवा शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में भोजन, चिकित्सा, विश्राम और पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर सेवा कार्यों की सराहना की।
महासभा के पदाधिकारियों ने योगेंद्र वर्मा और साक्षी वर्मा के नेतृत्व में उनका सम्मान किया। इसके उपरांत गौरव स्वरूप शिव चौक पहुंचे, जहां उन्होंने पैदल भ्रमण कर बड़ी संख्या में मौजूद शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा और अभिवादन के साथ स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा के अनुभव, सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं के बारे में बातचीत की। कांवड़ियों ने भी उनके आत्मीय व्यवहार की प्रशंसा करते हुए सेवा कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर युवा भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद देवेश कौशिक, दिनेश कुमार जैन सहित कई भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरे भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा कांवड़ सेवा शिविरों में चल रही व्यवस्थाओं की भी सराहना की गई।























































