मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छपार, बरला, पुरकाजी तथा भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर स्थापित कांवड़ चिकित्सा शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सा शिविरों में उपलब्ध दवाओं, आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सहित उपचार व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कांवड़ यात्री को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी कांवड़ चिकित्सा शिविरों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 24 घंटे निर्बाध चिकित्सा सेवाएं संचालित की जा रही हैं। सभी केंद्रों पर प्रशिक्षित चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, पर्याप्त दवाएं तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमित चौधरी द्वारा कांवड़ यात्रियों के लिए आयोजित भंडारे में पहुंचकर डॉ. सुनील तेवतिया ने स्वयं अपने हाथों से श्रद्धालुओं को भोजन परोसा और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा मानवता और समर्पण का श्रेष्ठ उदाहरण है। इसके बाद पुरकाजी स्वास्थ्य केंद्र के सामने से गुजर रहे कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और उनकी सुरक्षित व मंगलमय यात्रा की कामना की। कांवड़ यात्रियों ने स्वास्थ्य विभाग की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा की समाप्ति तक सभी चिकित्सा शिविरों और स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि किसी भी श्रद्धालु को उपचार के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े और यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।























































