मुजफ्फरनगर में फर्जी दस्तावेजों से जमीन बैनामा कराने वाला वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर जनपद में शातिर अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खालापार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।

मामले की शुरुआत राज सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी ग्राम बहेड़ा थाना बड़गांव जिला सहारनपुर की तहरीर से हुई। तहरीर में बताया गया कि उनके भाई मूलचंद की मृत्यु 15 फरवरी 2002 को हो चुकी थी। मृतक के नाम कस्बा काछोली क्षेत्र में लगभग 2.5 बीघा जमीन दर्ज थी। आरोप है कि अभियुक्त ओमवीर पुत्र धनसिंह निवासी ग्राम बहेड़ा थाना बड़गांव जिला सहारनपुर ने फर्जी तरीके से स्वयं को मूलचंद बताकर अपने साथियों के साथ मिलकर धोखाधड़ी की।

अभियुक्तों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 2.5 बीघा भूमि का बैनामा 29 सितंबर 2025 को तहसील सदर मुजफ्फरनगर में सचिन उर्फ अशोक पुत्र चंद्रपाल निवासी ग्राम कछोली थाना कोतवाली नगर मुजफ्फरनगर के नाम करा दिया। इस मामले में अन्य नामजद अभियुक्तों में अरविंद पुत्र रमेशचंद निवासी शाहाबुद्दीनपुर, मिंदु पुत्र सीताराम निवासी रौद नगला तथा अरविंद पुत्र मेहर सिंह निवासी ग्राम बहेड़ा शामिल बताए गए हैं।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। इसी क्रम में 23 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर वांछित अभियुक्त ओमवीर को तहसील सदर मेरठ रोड से दोपहर करीब 12:05 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही जारी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts