मुजफ्फरनगर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2 किलो से अधिक गांजे के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर जनपद में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक नगर/क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में ऑपरेशन सवेरा, मिशन शक्ति और नशा विरोधी अभियान लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम द्वारा सूचना के आधार पर चेकिंग व गश्त के दौरान एक महिला अभियुक्ता को गांजे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीम ने न्याजुपुरा स्थित अलनूर बारात घर से मिमलाना रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर नई प्लाटिंग से लगभग 100-150 कदम पहले कार्रवाई की। इस दौरान अभियुक्ता नजमा उर्फ खाला को मौके से दबोचा गया, जिसके पास से 2 किलो 64 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्ता की पहचान नजमा उर्फ खाला पत्नी एहसान, पुत्री अब्दूल गनी के रूप में हुई है। वह न्याजुपुरा अलनूर बारात घर से मिमलाना रोड की ओर नई प्लाटिंग के पास डा. जुबैर जर्राह के मिमलाना रोड स्थित किराए के मकान में रह रही थी। अभियुक्ता की उम्र करीब 42 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के अनुसार अभियुक्ता के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts