राजस्थान की राजधानी जयपुर के चंदवाजी थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन रिसॉर्ट के बेसमेंट की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार, आमेर क्षेत्र के ताला मोड़ स्थित अरावली रिसोर्ट के बेसमेंट का निर्माण कार्य चल रहा था.इसी दौरान बेसमेंट की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई. इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि घटना के समय वहां 21 मजदूर मौजूद थे. हादसे के दौरान कुछ मजदूर खाना खाने के लिए बाहर निकल गए थे, जिससे उनकी जान बच गई.एसडीआरएफ की टीम ने हादसे वाली जगह इंफ़्रारेड कैमरा भी लगाए गए हैं ताकि नीचे कोई दबा हो तो बचावकर्मियों क़ो उसकी जानकारी तुरंत मिल सके.
इस जगह बन रही थी दीवार
इस हादसे में 12 से अधिक मजदूर घायल हो गए हैं, जिन्हें पास के निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे के बाद जिला कलेक्टर संदेश नायक, एसडीएम राजेंद्र सिंह और तहसीलदार सौरभ गुर्जर मौके पर पहुंचे.फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकालने का प्रयास कर रही हैं.
प्रारंभिक जांच में सामने आईं खामियां
हादसे के बाद शुरुआती जांच में सामने आया कि बेसमेंट की खुदाई के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया था. वहीं, हादसे के समय सभी मजदूर बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहे थे.माना जा रहा है कि यदि मजदूरों के पास सुरक्षा उपकरण होते, तो हादसे में हुई मौतों की संख्या कम हो सकती थी. फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार और अरावली रिसोर्ट के मालिक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है.















