मुजफ्फरनगर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुजफ्फरनगर द्वारा 08 फरवरी 2026 (रविवार) को विशेष अभियान की तिथि निर्धारित की गई है। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के दौरान 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। यह अभियान विशेष रूप से उन युवाओं के लिए लाभकारी है, जो हाल ही में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं और पहली बार मतदान के अधिकार से जुड़ना चाहते हैं।इसके साथ ही मतदाता सूची में डुप्लीकेट नाम, स्थानांतरित मतदाता अथवा मृतक मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7 में आवेदन किया जा सकता है। यदि किसी मतदाता के नाम, आयु, पते या अन्य विवरण में कोई त्रुटि है, तो उसे सुधारने के लिए फार्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। इसी फार्म के जरिए एक ही विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत एक मतदेय स्थल से दूसरे मतदेय स्थल पर नाम स्थानांतरित कराने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
विशेष अभियान दिवस 08 फरवरी 2026 को जिले के समस्त बूथ लेविल अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। वे अर्ह मतदाताओं से सीधे फार्म प्राप्त करेंगे और आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान करेंगे, ताकि किसी भी नागरिक को आवेदन प्रक्रिया में कठिनाई न हो। प्रशासन द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि अभियान के दौरान सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक प्रपत्र और सुविधाएं उपलब्ध रहें।उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने मताधिकार को सुरक्षित करें। उन्होंने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला होती है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना लोकतंत्र को मजबूत करता है।प्रशासन का मानना है कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिक मतदाता सूची से जुड़ेंगे और भविष्य में होने वाले चुनावों में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाएंगे। इसलिए सभी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित तिथि को अपने नजदीकी मतदेय स्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई अवश्य करें।















