मुजफ्फरनगर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वाराणसी से वर्चुअल रूप से जारी की गई। इस अवसर पर देशभर के किसानों को जोड़ा गया और इसे “पीएम किसान उत्सव दिवस” के रूप में मनाया गया। मुजफ्फरनगर जनपद में इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विकास भवन स्थित सभागार में दिखाया गया, जहां जिले के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, सांसद हरेन्द्र मलिक, मीरापुर विधानसभा से विधायक मिथलेश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, उप कृषि निदेशक समेत जिले के अनेक सम्मानित कृषक मौजूद रहे। सभी ने वर्चुअल प्रसारण के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और योजना से जुड़ी जानकारी साझा की।
जनपद के पुरकाजी विकास खंड में भी एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल कुमार ने भाग लिया। उन्होंने किसानों से संवाद कर योजना के लाभों पर प्रकाश डाला और सरकार की किसान हितैषी नीतियों की जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त जिले के सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किश्त के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की गई। ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान, कृषि अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस आयोजन ने किसानों को एक नई ऊर्जा प्रदान की और उन्हें यह विश्वास दिलाया कि सरकार उनके साथ है। किसानों ने योजना की सराहना करते हुए इसे खेती-किसानी के लिए सहारा बताया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रहित में किसान सशक्तिकरण के संकल्प के साथ किया गया।















