मुजफ्फरनगर। वर्षा ऋतु के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा के क्रम में को उप जिलाधिकारी बुढ़ाना अपूर्वा यादव ने बुढ़ाना तहसील क्षेत्रान्तर्गत नदी किनारे बसे ग्रामों एवं कस्बों का निरीक्षण दौरा किया। यह दौरा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशों के अंतर्गत किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य बाढ़ पूर्व तैयारियों का मूल्यांकन करना था।
दौरे के दौरान एसडीएम ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान की, विशेषकर ऐसे गांव जो नदी के अत्यधिक समीप स्थित हैं और जहां बाढ़ का खतरा अधिक है। निरीक्षण के दौरान ग्रामवासियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उन्हें वर्तमान परिस्थितियों से अवगत कराया गया। साथ ही, संभावित खतरे और प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी साझा की गई।
स्थलीय निरीक्षण में बाढ़ चौकियों की स्थिति, राहत कार्यों के लिए तैनात नावों, राहत शिविरों और आपदा प्रबंधन से संबंधित संसाधनों की उपलब्धता और तत्परता की विस्तृत समीक्षा की गई। एसडीएम ने यह सुनिश्चित किया कि सभी आपातकालीन साधन सक्रिय और पूर्ण रूप से कार्यशील हों, जिससे आपदा की स्थिति में समय पर राहत प्रदान की जा सके।
इसके अतिरिक्त जलभराव और कटाव संभावित स्थानों का भी गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के उपरांत संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि वे जल निकासी की उचित व्यवस्था करें, नालियों की साफ-सफाई समयबद्ध ढंग से कराई जाए तथा पर्याप्त मात्रा में राहत सामग्री का भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
एसडीएम ने बाढ़ नियंत्रण हेतु त्वरित कार्य योजना पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। इस प्रकार प्रशासन द्वारा वर्षा ऋतु में आने वाली प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए की जा रही तैयारियां पूरी मुस्तैदी के साथ जारी हैं।















