राजस्थान के उदयपुर शहर में दो छात्रों के बीच चाकूबाजी की घटना के बाद हिंसा भड़क गई. इस घटना में एक छात्र घायल हुआ है. शहर में कई जगह आगजनी हुई है. बाजार बंद करवा दिए गए हैं. कई जगह तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया गया है. आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग करते हुए हिंदू संगठन अस्पताल पहुंचे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने धारा-144 लागू कर दी है.
घटना शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र की है. यहां भट्टियानी चौहट्टा स्थित सरकारी विद्यालय के दसवीं के छात्रो में विवाद हो गया था. इसके बाद एक किशोर ने दूसरे को चाकू मारकर घायल कर दिया. घटना के बाद शहर में तनावपूर्ण माहौल हो गया. शहर में लोगों ने बाजार बंद करवा दिए. साथ ही जगह-जगह टायर जलाकर प्रदर्शन किया.
कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया
आक्रोशित लोगों ने कई स्थानों पर तोड़फोड़ की है. कई जगह वाहनों को आग के हवाले कर दिया है. करीब आधा दर्जन से अधिक वाहनों में आग लगाई है. हजारों की संख्या में लोग एमबी चिकित्सालय पहुंच गए हैं. वहां भी जोरदार हंगामा किया. सूचना पर सांसद मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, जिला कलेक्टर अरविंद पोसवाल, एसपी योगेश गोयल अस्पताल पहुंचे.इस घटना की वजह से वॉल सिटी के सारे बाजार बंद कर दिए गए. जिला कलेक्टर ने धारा-144 लागू कर दी है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है. उससे पूछताछ की जा रही है. पीड़ित परिजन आरोपी छात्र के घर पर बुलडोजर चलाने की जिद पर अड़े हैं.
कुछ दिन से दोनों छात्रों के बीच विवाद चल रहा था
बताया जा रहा है कि दोनों छात्रों के बीच कुछ दिन से विवाद चल रहा था. दोनों एक-दूसरे को धमकी दे रहे थे. शुक्रवार दोपहर खांजीपीर में रहने वाला किशोर चाकू लेकर विद्यालय आया. इसी बीच दोनों के बीच में विवाद हुआ. इसमें किशोर ने चाकू निकालकर हमला कर दिया. इससे वो नीचे गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया.
चाकू मारने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया. आनन-फानन घायल बच्चे को साथी छात्रों और टीचर ने स्कूटी पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया. इसी बीच घायल बच्चे को अटैक आने पर कार्डियोलॉजी में शिफ्ट किया गया. इसी बीच परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. देखते ही देखते इस घटना की वजह से माहौल बिगड़ना शुरू हो गया.
कुछ ही देर में पूरे शहर के बाजार बंद हो गए
घटना से आक्रोशित लोगों ने शहर के बाजार बंद करवाने शुरू कर दिए. कुछ ही देर में पूरे शहर के बाजार बंद हो गए. हिंदू संगठनों के हजारों लोग शहर के चौराहों पर जमा हो गए. टायर जलाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. माहौल बिगड़ता देखकर भारी पुलिस बल शहर के चौराहों पर तैनात किया.
इसी बीच प्रदर्शनकारियों ने शहर में विभिन्न स्थानों पर गाड़ियों को आग के हवाले करना शुरू कर दिया. एमबी अस्पताल में हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हो गए. वहां पर नारेबाजी शुरू कर दी. इस मामले में कलेक्टर पोसवाल ने बताया कि छात्र की स्थिति स्थिर है. उसका उपचार किया जा रहा है. अस्पताल में प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि प्रशासन आरोपी छात्र के घर पर बुलडोजर चलाए.















