लगातार एक सप्ताह तक खराब मौसम और सुरक्षा कारणों से बंद रहने के बाद शनिवार सुबह वैष्णो देवी यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई। मौसम में आंशिक सुधार होने पर श्राइन बोर्ड ने सुबह करीब सात बजे यात्रा बहाल की। यात्रा शुरू होने की खबर मिलते ही कटड़ा में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग पंजीकरण केंद्रों पर पहुंच गए।
हालांकि सुबह साढ़े आठ बजे तेज बारिश के कारण सुरक्षा के मद्देनजर करीब डेढ़ घंटे के लिए पंजीकरण प्रक्रिया अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी। बारिश थमने के बाद सुबह करीब दस बजे पंजीकरण फिर शुरू हुआ और श्रद्धालु “जय माता दी” के जयकारों के साथ भवन की ओर रवाना हुए।
श्राइन बोर्ड ने फिलहाल केवल पारंपरिक यात्रा मार्ग से ही दर्शन की अनुमति दी है, जबकि बैटरी कार मार्ग और ताराकोट मार्ग सफाई व मरम्मत कार्य के चलते बंद हैं। यात्रा मार्ग पर एसडीआरएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और श्राइन बोर्ड के कर्मचारी तैनात हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।























































